ऋषि तिवारी
नई दिल्ली। किसान संघर्ष समिति ने संगठन को वैचारिक और संघर्षपूर्ण दिशा देने के उद्देश्य से एक अहम निर्णय लेते हुए दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी चरण सिंह राजपूत को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह निर्णय समिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया, जिसका संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने स्वागत किया है।
शीर्ष नेतृत्व ने दी बधाई
इस नियुक्ति पर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. सुशीला ताई मोराळे, राष्ट्रीय महासचिव सह राष्ट्रीय प्रवक्ता एड. शिवसिंह, राष्ट्रीय सचिव शशिभूषण चौहान, राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी सुहैल कादरी, प्रदेश अध्यक्ष एड. आराधना भार्गव तथा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए चरण सिंह राजपूत को शुभकामनाएं दीं।
संगठन को मिलेगी वैचारिक मजबूती
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम ने कहा कि चरण सिंह राजपूत जैसे अनुभवी और संघर्षशील व्यक्तित्व का संगठन में शामिल होना सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में उनकी नियुक्ति से संगठन को वैचारिक मजबूती मिलेगी। किसानों और मजदूरों के मुद्दों को अब राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चरण सिंह संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ करेंगे, जिससे समिति का जनाधार और मजबूत होगा।
जनसंघर्षों से रहा है गहरा जुड़ाव
उल्लेखनीय है कि चरण सिंह राजपूत पिछले 8–10 वर्षों से सहारा इंडिया से जुड़े निवेशकों और कर्मचारियों के संघर्षों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों के बकाया वेतन, रोजगार समाप्ति और कथित दमनात्मक कार्रवाइयों के खिलाफ लगातार लेखन और आंदोलन के माध्यम से आवाज उठाई है।
इसके अतिरिक्त वे विभिन्न चिटफंड एवं कथित फर्जी कंपनियों के खिलाफ भी मुखर रहे हैं और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय हस्तक्षेप करते रहे हैं। संगठन का मानना है कि उनके अनुभव और संघर्षशील पृष्ठभूमि से किसान संघर्ष समिति को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।