अजय चौहान || सनातन संस्कृति के प्रति किशोर और युवा पीढ़ी में आस्था और जागरूकता के लिए नए सिरे से कार्य करने वाली श्री नवल किशोरी सोशल मीडिया में आज एक आइकॉन बन चुकी है। पाश्चात्य संस्कृति और आधुनिक संगीत की ओर तेजी से आकर्षित हो रही आज की किशोर एवं युवा पीढ़ी को भजन गायन और संस्कृति से पुनर्मिलन करवाने वाली श्री नवल किशोरी ने आधुनिक डिजिटल युग में न केवल तहलका मचा दिया है बल्कि अपने योगदान से वर्तमान युवा पीढ़ी के प्रति कुछ ऐसी दिव्य जागरूकता को भी फैला दिया है जो परंपरागत गायन से अपनी मधुर आवाज और अनन्य भक्ति में पुनः लौटने का प्रयास करने लगे हैं।
हालाँकि श्री नवल किशोरी की ही भाँती ऐसे अन्य कई नाम और भी हैं लेकिन इन दिनों अपनी मुस्कराहट भरे भजनों और श्लोकों के माध्यम से सबसे अधिक करोड़ों युवाओं को पुनः अपनी जड़ों की ओर मोड़ने वाली श्री नवल किशोरी ने दक्षिण के साथ-साथ सबसे उत्तर भारतीय किशोरों को भी सबसे अधिक प्रभावित करने का कार्य किया है।
सीधे-सीधे कहें तो दक्षिण भारत की संस्कृति और प्रष्टभ्भूमि से सम्बन्ध रखने वाली युवा भजन गायिका ‘श्री नवल किशोरी’ अपनी मंत्रमुग्ध कर देने वाली शैली, शास्त्रीय पकड़ और चेहरे पर दिखने वाले सात्विक मुस्कान वाले भावों की वजह से आज सोशल मीडिया के द्वारा देश-विदेश के मंचों तक सनातन धर्म की एक सशक्त आवाज बन चुकी हैं।
निजी जीवन से जुडी जानकारियां –
श्री नवल किशोरी के निजी जीवन से जुडी जानकारियां सोशल मीडिया में ज्यादा नहीं हैं लेकिन नाम के अनुसार ही उनकी आयु भी अभी “किशोरी” अर्थात किशोर अवस्था में ही है। उपलभ्द आंकड़ों के अनुसार – श्री नवल किशोरी मूलतः दक्षिण भारत की लगभग सभी भाषाओं में और सबसे अधिक संस्कृत में भजन गातीं हैं। उन भजनों की प्रसिद्धि का कारण परंपरागत शास्त्रीय और सुगम संगीत के मिश्रण से गाए गए श्रीकृष्ण, श्रीराम, शिव तथा अन्य सभी भजनों के वीडियो में माथे पर गोपी चंदन का तिलक, पारंपरिक वेशभूषा और भावपूर्ण गायकी के साथ शारीरिक रूप से चंचलता को दर्शाती हैं।
दक्षिण भारतीय पृष्ठभूमि से आने के बावजूद नवल किशोरी ने जिस स्पष्टता और शुद्धता के साथ हिंदी, हरयाणवी, पंजाबी, ब्रजभाषा और संस्कृत के भजनों को आत्मसात किया है, वह उनकी असाधारण प्रतिभा और ईश्वर के प्रति उनके अनन्य समर्पण को दर्शाता है। सहज ही अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि बचपन से ही संगीत और अध्यात्म के माहौल में पली-बढ़ीं नवल किशोरी ने बहुत कम उम्र में ही प्रभु चरणों में अपनी कला को समर्पित कर दिया है।
उत्तर-दक्षिण का सांस्कृतिक सेतु –
श्री नवल किशोरी का भजन गायन केवल मनोरंजन या संगीत का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और युवा पीढ़ी को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। उनके इस कार्य से समाज में कुछ ऐसे बदलाव और जागरूकता भी देखने को मिल सकते हैं जो आने वाले समय में उत्तर और दक्षिण भारत के लिए सनातन धर्म में उत्तर और दक्षिण की परंपराओं का सांस्कृतिक सेतु यानी Cultural Bridge का काम कर सकता है।
नवल किशोरी अपने भजनों में दक्षिण भारतीय संगीत की बारीकियों को उत्तर भारतीय भक्ति की परंपरा जैसे ब्रज और अवध के भजनों के साथ इस तरह पिरोती हैं कि दोनों संस्कृतियों का सहजता से मिलन हो जाता है। उनके द्वारा गाए गए कनकदास, पुरंदरदास के साथ-साथ सूरदास और तुलसीदास के पद इस बात का जीवंत उदाहरण हैं।
रील्स और शॉर्ट्स से अध्यात्म का प्रवाह –
आज का युवा सोशल मीडिया पर अत्यधिक समय बिता रहा है। ऐसे में श्री नवल किशोरी के भजन के छोटे-छोटे वीडियो (Reels/ Shorts) जैसे ही इंस्टाग्राम या यूट्यूब पर आते हैं, वे लाखों की संख्या में वायरल हो जाते हैं। यही कारण है कि उनकी सादगी और सुरीली आवाज को देखकर आधुनिक युवा भी पाश्चात्य संगीत छोड़कर “हरे कृष्णा” और “जय श्री राम” के भजनों को अपनी प्लेलिस्ट का हिस्सा बना रहे हैं।
पारंपरिक वेशभूषा का श्रृंगार –
जहां एक तरफ पारंपरिक वेशभूषा और सात्विकता को छोड़ कर आज के दौर में अधिकतर युवा और किशोरों में पहनावे को लेकर आधुनिकता की अंधी दौड़ मची है, वहीं नवल किशोरी ने हमेशा पारंपरिक साड़ियों, सात्विक श्रृंगार और माथे पर तिलक धारण कर अपने भजनों और रील्स के द्वारा युवा-युवतियों के लिए एक रोल मॉडल की तरह काम करना शुरू कर दिया है। उनका यह लुक संदेश देता है कि अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहकर भी शिखर पर पहुंचा जा सकता है।
एक आम परिवार में जन्मी नवल किशोरी अचानक स्टार बन गई है। इसके पीछे का कारण यह है कि किशोरी ने अपने मेकअप और ड्रेसिंग सेंस से किशोर और युवा पीढ़ी को अट्रैक्ट करने का काम किया है। बहुत से लोगों ने उनके वीडियो देखे हैं और सोशल मीडिया पर उनके सादगी और परंपरागत लुक के बारे में चर्चा करनी शुरू की। आज न सिर्फ उनका लुक बल्कि उनके रील के भक्ति गाने भी यूथ को अट्रैक्ट कर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 26 लाख से भी अधिक फॉलोअर्स हैं। साथ ही उनके नाम पर 100 से ज़्यादा फैन पेज भी बन चुके हैं।
शास्त्रों और कथाओं का ज्ञान –
नवल किशोरी के कई भजन ऐसे हैं जिनमें सनातन धर्म के गहरे दर्शन, जैसे कर्म का सिद्धांत, शरणागति और ईश्वर की लीलाओं का सार छुपा हुआ है। जब वो गाती है, तो केवल शब्द नहीं, बल्कि उन शब्दों के पीछे छिपा आध्यात्मिक भाव भी सीधे सुनने वाले के हृदय को छू जाता है, जिससे लोगों की रुचि हमारे मूल ग्रंथों- जैसे श्रीमदभगवद्गीता और रामायण सहित पुराणों के प्रति बढ़ रही है।
श्री नवल किशोरी के यूट्यूब चैनल का लिंक :
यहां सहजता से कहा जा सकता है कि ‘श्री नवल किशोरी’ जैसी युवा विभूतियां इस बात का प्रमाण हैं कि सनातन धर्म कभी प्राचीन नहीं होता; बल्कि यह नित्य नूतन ही रहता है। अपनी कला के माध्यम से आज नवल किशोरी जिस तरह से ईश्वर भक्ति का रस पूरी दुनिया में घोल रही हैं, उसने न केवल सनातन धर्म के गौरव को बढ़ावा मिल रहा है बल्कि भटकती हुई युवा पीढ़ी को आत्मिक शांति और जीवन का सही मार्ग भी दिखाया है।
